प्रदेश की राजनीतिक परिदृश्य में मंगलवार को आए बड़े बदलाव के तहत योगी मंत्रिमंडल के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने इस्तीफा दे दिया। स्वामी प्रसाद मौर्या ने ई-मेल से राज्यपाल को इस्तीफा भेजने के बाद हार्डकॉपी शाहजहांपुर के तिलहर से भाजपा विधायक रोशन लाल वर्मा के हाथों भेजी। माना जा रहा है कि रोशनलाल वर्मा भी जल्द सपा में शामिल हो सकते हैं।
विज्ञापन
रोशनलाल वर्मा ने 2007 में पहला विधानसभा चुनाव बसपा से निगोही सीट पर लड़ा था। सपा के कोविद सिंह को उन्होंने 22,800 वोटों से हराकर जीता था। इसके बाद 2012 का चुनाव तिलहर विधानसभा सीट से बसपा से लड़ा और सपा के अनवर अली को 10708 वोटों से हराया। 2017 के चुनाव से ठीक पहले रोशनलाल वर्मा बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा ने तिलहर से रोशनलाल वर्मा को कांग्रेस-सपा के संयुक्त प्रत्याशी जितिन प्रसाद के खिलाफ उतारा। कड़ी टक्कर में तब के कद्दावर कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद को रोशनलाल वर्मा ने 5,715 वोटों से हरा दिया। तब से रोशनलाल वर्मा का कद पार्टी में बड़ा हो गया था। बाद में भाजपा के एक बड़े नेता से टकराव के कारण भी वह चर्चा में रहे थे। स्वामी प्रसाद मौर्या के इस्तीफे की चिट्ठी लेकर राजभवन पहुंचे रोशनलाल वर्मा ने उन्हें अपना नेता बताते हुए अनुसरण करने की बात कही है। माना जा रहा है कि वह भी जल्द सपा में शामिल हो जाएंगे।