शाहजहांपुर। तिलहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रोशनलाल वर्मा ने बृहस्पतिवार को एसपी दफ्तर में जमकर हंगामा किया। आरोप है कि दो दिन पहले निगोही पुलिस तीन युवकों को मोबाइल चोरी करने के आरोप में पकड़कर थाने ले गई और उनकी जमकर पिटाई की थी। उन्हें छुड़ाने के लिए भाजपा विधायक को खुद थाने जाना पड़ा था। निगोही पुलिस की शिकायत करने भाजपा विधायक पीङ़ित युवकों को लेकर एसपी ऑफिस गए थे। वहां एसपी सिटी के युवकों को जेल भेजने की बात कहने पर विधायक का गुस्सा भड़क गया और धरने पर बैठने की धमकी देकर हंगामा करने लगे। इस बीच पहुंचे एडीएम प्रशासन ने किसी तरह विधायक को शांत किया। निगोही थाने के आरोपी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई का आश्वासन देने पर विधायक माने और करीब दो घंटे बाद गाड़ी में बैठकर चले गए।
थाना निगोही क्षेत्र के ग्राम मोहरतला निवासी एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी हो गया था। दो दिन पहले निगोही पुलिस उसी गांव के मनोज, अशोक और सत्यवीर को मोबाइल चोरी करने के आरोप में पकङ़कर ले गई थी। पीड़ित युवकों का आरोप है कि पुलिस ने उनको थाने में जमकर पीटा। उन्होंने मोबाइल की रसीद भी दिखाई, लेकिन पुलिस ने उनकी नहीं सुनी। आरोप है कि पुलिस वाले पीड़ित युवकों से चोरी की बात कबूल कराना चाहते थे। इस पर पीङ़ित युवकों के परिजन भाजपा विधायक रोशन लाल वर्मा से मिले और पूरा मामला बताया। विधायक ने पहले पुलिस के आला अफसरों को फोन किया। पुलिस ने युवकों को फिर भी नहीं छोड़ा तो बुधवार शाम विधायक गाड़ी लेकर थाने जा धमके। विधायक को देखते ही पुलिस वाले दबाव में आ गए और पीड़ित युवकों को छोड़ दिया। पुलिस की पिटाई से युवकों की बुरी हालत देखकर विधायक का गुस्सा और भड़क गया। बृहस्पतिवार पूर्वांन्ह करीब 11 बजे भाजपा विधायक रोशनलाल वर्मा युवकों को लेकर एसपी के कार्यालय पहुंचे। उस वक्त एसपी एस. आनंद अपने दफ्तर में नहीं थे। विधायक ने युवकों को एएसपी संजय कुमार के सामने पेश किया। बंद कमरे में कुछ देर बातचीत होने के बाद विधायक एएसपी के दफ्तर से बाहर निकले और हंगामा शुरू कर दिया। नाराज विधायक ने धरने पर बैठने की धमकी दी। साथ ही मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही। वह निगोही थाने के आरोपी पुलिस कर्मियों की मांग कर रहे थे। विधायक का कहना है कि एएसपी सिटी ने उनसे कहा कि इन युवकों को जेल भेजा जाएगा। ऐसे ही युवकों की वजह से बिकरू कांड होते हैं। विधायक का कहना है कि हर इंसान बदमाश गुंडा नहीं होता है। जिन युवकों को बेरहमी से पुलिस ने पीटा है, वो बेहद गरीब है।
लापरवाही करने वाला दरोगा लाइन हाजिर
हंगामे के बीच एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी एसपी ऑफिस पहुंच गए। वह विधायक को अपने साथ एसपी के दफ्तर में ले गए और एएसपी सिटी संजय कुमार को साथ बैठाकर बातचीत की। उन्होंने समझाने की कोशिश की, लेकिन वह निगोही थाने की पुलिस के खिलाफ कार्यवाई की मांग पर अड़े रहे। काफी देर बातचीत के बाद विधायक और एडीएम के साथ बाहर निकले एएसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि विधायक ने कुछ समस्याएं बताई थीं, जो थाने पर सुनी नहीं जा रही हैं। जो भी मामले हैं उनको देखा जा रहा है। लापरवाही बरतने वाले दरोगा को तत्काल रूप से लाइन हाजिर कर दिया गया है। दरोगा का नाम सुनील विश्नोई बताया जाता है।