उप-संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ दफ्तर) में रिश्वतखोरी और दलालों के बढ़ते वर्चस्व पर रोक नहीं लगाए जाने के विरोध मेें भाजपा सामाजिक न्याय मोर्चा के कार्यकर्ता बुधवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर अधिकारियों का इस समस्या की ओर ध्यानाकर्षण किया। साथ ही डीएम के नाम ज्ञापन देकर दलालों को सहयोग करने वाले लिपिकों की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
इस मांग को लेकर पहले भी कई संगठन धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन कर चुके हैं। बीते दिन, ऐसे ही दलालों और बाबुओं से सपा नेता अहलकार सिंह यादव के बेटे से मारपीट हो गई। इन्हीं घटनाओं का संदर्भ लेते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में एआरटीओ और वहां के दलालों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ज्ञापन में एआरटीओ कार्यालय में दशकों से जमे बाबुओं का तबादला कराने और वहां मंडराने वाले दलालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में भाजपा के नगर महामंत्री पंकेश मिश्रा, श्रम प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुबोध मिश्र, सुरेंद्र सक्सेना, शिवनाथ राठौर, संदीप मिश्रा, हनीफ मंसूरी, राजेश गंगवार, शिवरतन आदि शामिल रहे।