शाहजहांपुर। लखनऊ से सहारनपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस आठ नवंबर को सुबह सवा दस बजे प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर रुकेगी। ट्रेन को केंद्रीय व प्रदेश सरकार में मंत्री व भाजपा नेता हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियों ने तेजी पकड़ ली है।
आठ नवंबर को वंदे भारत ट्रेन लखनऊ से चलकर सीतापुर होते हुए यहां प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आएगी। ट्रेन का ठहराव होने पर रेलवे की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, लोकसभा सांसद अरुण सागर, राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार, एमएलसी डॉ.सुधीर गुप्ता, महापौर अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा व महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
डीआरएम व सीनियर डीसीएम भी कार्यक्रम में आएंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गईं हैं। रेलवे स्टेशन की रंगाई-पुताई का कार्य भी शुरू हो गया है। रेलवे अफसरों के अनुसार, सुबह साढ़े नौ बजे कार्यक्रम प्रारंभ हो जाएगा। सवा दस बजे ट्रेन के दो मिनट के ठहराव के दौरान हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
एडीआरएम ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया
शाहजहांपुर। एडीआरएम एसपी तिवारी ने रोजा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने पॉवर केबिन को देखा। उसके बाद ट्रेन मैनेजर विश्रामालय में व्यवस्था देखी। यहां कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए। डाउन यार्ड में रेलवे के प्वाइंट चेक किया। उन्हें चलवाकर भी देखा। वंदे भारत ट्रेन के आगमन व जाने के बारे में जानकारी ली। उनके आगमन को देखते हुए शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर भी अधिकारी सतर्क रहे। संवाद