शाहजहांपुर। जलालाबाद में भाजपा नगर कोषाध्यक्ष सौरभ गुप्ता ने रविवार सुबह अपने ही मैरिज लॉन के रसोईघर में तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की शुरुआती छानबीन में आत्महत्या का कारण अवसाद में होना सामने आ रहा है।
जलालाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी विनोद कुमार गुप्ता का फर्रुखाबाद रोड पर बिहारी जी वाटिका नाम से मैरिज लॉन है। मैरिज लॉन का संचालन विनोद गुप्ता तथा उनका छोटा बेटा सौरभ (32) करते हैं। रविवार सुबह करीब नौ बजे पूजा पाठ करने के बाद सौरभ मैरिज लॉन की चाबी लेकर घर से चला आया। करीब आधे घंटे बाद पिता विनोद गुप्ता वहां पहुंचे। उन्हें मैरिज लॉन के अंदर सौरभ नहीं दिखा। विनोद के अनुसार पहले उन्होंने इस बात पर गौर नहीं किया लेकिन काफी देर तक सौरभ के न आने पर उन्होंने आवाज लगाते हुए उसे मैरिज लान में तलाशना शुरू किया। वह लॉन के पिछले हिस्से में बने रसोईघर की तरफ गए तो वहां जमीन पर सौरभ का शव खून से लथपथ पड़ा था। पास में ही एक तमंचा पड़ा था। विनोद ने इसकी जानकारी पड़ोसियों के साथ पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तमंचे को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि पड़ताल में युवक के काफी समय से अवसाद में होने की बात सामने आ रही है। परिजन भी यही बता रहे हैं। जिस तमंचे से युवक ने कनपटी पर गोली मारी है, उसे कब्जे में लेकर उसके बारे में पता लगाया जा रहा है।
विनोद गुप्ता के दो बेटों में बड़ा मोहित गुप्ता सरकारी स्कूल में टीचर है। छोटा सौरभ राजनीति में रुचि रखने के साथ ही अपने पिता के साथ मैरिज लॉन का कार्य देखता था। मौजूदा समय में उसके पास भाजपा की जलालाबाद नगर कमेटी में कोषाध्यक्ष का दायित्व था। करीब पांच साल पहले उसकी शादी सोनम से हुई थी। सौरभ के तीन साल की एक बेटी नृष्टि और एक साल की बेटी सृष्टि है। घटना की खबर मिलते ही पूर्व विधायक नीरज कुशवाहा, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार मंगलम, नगर अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, महामंत्री वैभव त्रिवेदी, उपाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, सभासद गौरव राघव, युवा विंग के अध्यक्ष मोहित श्रीवास्तव समेत नगर के कई गणमान्य लोग मौके पर पहुंच गए और घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
सौरभ की मौत ने परिवार को झंकझोरा
शाहजहांपुर। सौरभ की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है, छोटा होकर भी घर परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी निर्वहन करने वाला सौरभ कुछ दिनों से तनाव में था जिसकी वजह कोई खास न होने के कारण घरवाले उसे नजरंदाज करते रहे परंतु सौरभ आत्मघाती कदम उठा लेगा इसका किसी को अंदाजा नही था।
विनोद गुप्ता के दो बेटों व दो बेटियों वाले परिवार में सौरभ सबसे छोटा था उसका बड़ा भाई मोहित और बड़ी बहन गुंजन गुप्ता सरकारी टीचर है तथा एक बहन अनुपम अभी पढ़ाई कर रही है। फर्रुखाबाद हाईवे पर बिहारी जी वाटिका के नाम का नगर में पहला मैरिज लॉन बनवाने वाले विनोद गुप्ता अपने छोटे बेटे सौरभ गुप्ता के साथ इस मैरिज लान का संचालन करते थे। कुछ समय पहले विनोद ने इसी के पास एक दूसरा मैरिज लान बनवाया। जिसे बनवाने में काफी पैसा खर्च हो गया इधर लॉकडाउन लग जाने के बाद मैरिज लान के बिजनेस में मंदी आ गई। बताते है कि सौरभ इसी बात को लेकर चिंतित था। यह चिंता उसने अपने पिता से भी जाहिर की थी। विनोद ने इसको लेकर उसे समझाया था।
पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम होने के बाद रविवार देर शाम सौरभ के शव का गंगा के ढाईघाट तट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। सौरभ की गृहस्थी अभी कच्ची है घर में पत्नी सोनम के अलावा दो बेटियां है जिनमे एक तीन तथा दूसरी बेटी केवल एक साल की ही है।
मानसिक विशेषज्ञ की राय : कोई भी परेशानी हो तो दूसरे से साझा करें
किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी चाहे वह व्यक्तिगत हो या दूसरे के परेशान करने से उत्पन्न हो, उसे अपने परिवारी जन एवं मित्रों के साथ साझा जरूर करना चाहिए। कई बार लगातार तनाव में रहने के चलते बीमारी पैदा होती है जिसमें व्यक्ति आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो जाता है। ऐसे में मानसिक चिकित्सक की सलाह लेना बेहद आवश्यक है। कोई भी कदम उठाने से पहले अपने भविष्य के बारे में जरूर सोच लें। -डॉ. अभिनव रस्तोगी, मनोचिकित्सक, शाहजहांपुर
कोई परेशान कर रहा है तो पुलिस से शिकायत करें
परिवार में रहने वाले वरिष्ठ परिवारी जनों को अपने छोटे सदस्यों के ऊपर नजर रखना चाहिए। यदि वे कभी परेशान दिखें तो उनसे परेशानी का कारण अवश्य पूछें और समस्या का समाधान करने का प्रयास करें। यदि उनके तनाव का कारण कोई बाहरी व्यक्ति है जो उन्हें परेशान कर रहा है तो पुलिस की सहायता लें। पुलिस ने इस संबंध में एक अभियान भी संचालित किया है। थाना पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई न हो तो वरिष्ठ अधिकारियों को जरूर लिखित शिकायत करें। -संजय कुमार, एसपी सिटी, शाहजहांपुर