तिलहर। बिरिया बाबा मेले में बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं की भीड़ और रेलवे फाटक बंद होने से नगर के प्रमुख मार्गों पर जाम लग गया। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के वाहनों और ट्रैक्टर-ट्राॅलियों की आवाजाही से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। तिलहर-निगोही मार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते रेलवे फाटक बंद होने से यातायात का दबाव दूसरे रास्तों पर बढ़ गया।
विकल्प के तौर पर गुलचंपा और रुजवारी रेलवे फाटक से वाहनों को निकाला गया, लेकिन सड़कों की खस्ताहाल स्थिति के कारण वहां भी वाहन धीमी गति से चलते रहे। जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी दिनभर प्रमुख मार्गों पर मुस्तैद रहे। बड़े वाहनों और ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को निकलवाकर यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया गया।
सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि मेले के कारण वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की स्थिति बनी। पुलिस टीम लगातार बड़े वाहनों को निकलवाकर रास्ता खाली कराने में जुटी रही।