शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेक व केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों समेत सभी की बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाए। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए अलग से व्यवस्था की जाए। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे व विद्युत आपूर्ति के लिए अतिरिक्त वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जाएं। जनपद में आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन व रोडवेज बस अड्डे पर जानकारी के लिए हेल्प डेस्क बनाई जाए।
डीएम ने बताया कि छह सितंबर को 21 केंद्रों पर प्रथम पाली सुबह दस से दोपहर 12 व दूसरी पाली अपराह्न तीन से पांच बजे तक होगी। परीक्षा की प्रत्येक पाली में 9504 परीक्षार्थी शामिल होंगे। दोनों पालियां में 38016 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बैठक में नगर आयुक्त डॉ.बिपिन कुमार मिश्रा, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्र, अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार व डीआईओएस हरिवंश कुमार आदि मौजूद रहे।