देवकली। बाजार से खरीदारी करके बृहस्पतिवार की शाम बाइक से घर लौट रहे भांभी गांव के नरेश सिंह नभीची मार्ग पर लालपुर मोड़ के पास सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राॅली मौके पर छोड़कर उसका चालक भाग गया। राहगीरों की सूचना पर आई एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी पर भेजा गया। वहां उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चालक ट्रैक्टर ट्राॅली छोड़कर भाग गया। थाना प्रभारी प्रदीप राय ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर उसके चालक का सुराग लगाया जा रहा है। संवाद
-
हाईवे पर ट्रक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त
तिलहर (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली हाईवे के पूर्वी भक्सी तिराहा पर शुक्रवार को सुबह करीब दस बजे शाहजहांपुर की ओर जा रही एक कार में पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक टकरा गया। हादसे में कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन उस पर सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद ट्रक को मौके पर छोड़कर उसका चालक भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कार कानपुर निवासी एक अधिवक्ता की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार अधिवक्ता कुछ लोगों के साथ कार से शाहजहांपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी होने के साथ जाम लगने की नौबत आ गई। पुलिस ने मौके पर जाकर ट्रक को कब्जे में लेकर यातायात सामान्य करा दिया। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि कार चालक की ओर से ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है। मामले की जांच के साथ ट्रक चालक की तलाश कराई जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद
हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल
कलान। कस्बे के बाजार में खरीदारी करने आ रहे निबिया नगला के गोविंद की बाइक से शुक्रवार को अपराह्न करीब 3:30 बजे मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर एक अन्य बाइक टकरा गई। हादसे में गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके एक पैर में फ्रैक्चर हो गया। इस बीच, गोविंद से टकराने वाला युवक भाग गया।
घायल गोविंद को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। डॉक्टर ने उनके पैर में फ्रैक्चर ओर अन्य गंभीर चोटें देख प्राथमिक उपचार देने के बाद बदायूं जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी शिवदीन वर्मा ने बताया कि अभी इस मामले में घायल युवक अथवा उसके परिजनों से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद