कुर्रियाकलां। कुर्रियाकलां-चौहनापुर मार्ग पर भमौली तिराहे के पास बोलेरो गाड़ी से टकराए बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए था।
कांट थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासी 18 वर्षीय विनोद मंगलवार दोपहर खेत में पानी लगाने के लिए बाइक से डीजल लेने के लिए गए थे। कुर्रियाकलां स्थित पंप से डीजल लेने के बाद वह घर के लिए लौट रहे थे। जैसे ही वह भमौली तिराहा के पास पहुंचे, तभी बोलेरो गाड़ी से टकराकर वह उछलकर दूर जाकर गिरे और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजन विनोद के शव को देख बदहवास हो गए। भीड़ ने पकड़े गए बोलेरो चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। परिजनों ने बताया कि वह चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता रामप्रताप खेतीबाड़ी करते हैं। कांट थाना प्रभारी राकेश मौर्या ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। कार्रवाई की जाएगी।
भाई-बहन समेत तीन गंभीर रूप से घायल
तिलहर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर मंगलवार को दोपहर अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में महिला के अलावा भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बमनुआ गांव के सचिन अपनी बहन प्रियांशी के साथ दिन में करीब दो बजे नगर की बाजार से सामान खरीदकर बाइक से घर जा रहे थे। कपसेड़ा गांव के पास शाहजहांपुर की ओर जा रही एक एंबुलेंस बाइक से टकरा जाने से दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे पर ही नवीन गल्ला मंडी के पास मंगल बाजार से खरीदारी करके लौट रहीं मीरानपुर कटरा क्षेत्र के गांव खैरपुर निवासी फरहाना पीछे से आए एक अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में टक्कर मारने वाले वाहनों का सुराग लगाया जा रहा है। संवाद
बाइकों की भिड़ंत में तीन लोग घायल
तिलहर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर सोमवार की रात रामजानकी मंदिर के पास घर लौट रहे रमापुर गांव के नन्हे की बाइक से सामने से आ रही एक अन्य बाइक टकरा गई। इस हादसे में नन्हे सहित दूसरी बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर तमाम राहगीर इकट्ठा हो गए और सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया। वहां नन्हे की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर राजकीय मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। संवाद
गोवंशीय पशु से टकराकर कार पेड़ से टकराई
कांट। पत्नी और बच्चों के साथ उत्तराखंड से लौट रहे गांव मीर वैश्यपुर निवासी अतुल सिंह की कार सोमवार की रात मोहनपुर ममरेजपुर गांव के आगे मीतेपुर मोड़ के पास अचानक सामने आए छुट्टा गोवंशीय पशु से टकरा गई। पशु से टकराकर अनियंत्रित हुई कार सड़क के किनारे पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कार पर सवार दंपती समेत उनके तीनों बच्चों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। प्रभारी निरीक्षक राकेश मौर्य ने बताया कि हादसे में कार को क्षति पहुंची है, लेकिन उस पर सवार लोगो को चोटें नहीं आईं हैं। संवाद
बाइक और कार में टक्कर लगने से चार लोग घायल
कांट। मदनापुर मार्ग पर मंगलवार को दिन में करीब एक बजे कस्बे की तरफ से आई लाल रंग की कार की पहले रामलीला मैदान के पास एक बाइक को टक्कर लग गई। इस हादसे में बाइक चालक के गिरकर घायल होने पर कार लेकर युवक भाग गया। अन्य बाइकों से कुछ लोगों ने कार का पीछा किया तो युवक ने रफ्तार बढ़ा दी। नतीजे में आगे जाकर कार दो अन्य बाइकों समेत एक अन्य कार से टकरा गई। इससे दोनों बाइकों के चालक समेत कार पर सवार एक युवक घायल हाे गया। पीछा कर रहे लोगों ने कार को आगे जाकर रोका। उसके चालक को बाहर निकाला गया तो वह नशे में धुत मिला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और आरोपी कार चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक राकेश मौर्य ने बताया वाहनों में टक्कर मारने वाले कार चालक के विरुद्ध प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। संवाद