रोजा के गांव रहीमपुर में हुई दर्दनाक घटना
थाना रोजा क्षेत्र के गांव रहीमपुर में सोमवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से सात वर्षीय बालिका घायल हो गई। घायल को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव रहीमपुर निवासी स्वर्गीय लल्ला सिंह की सात वर्षीय बेटी रामदेवी सुबह करीब 11.30 बजे मुख्य सड़क पर बनी दुकान पर चीज लेने गई थी। इसी दौरान मोहम्मदी की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने रामदेवी को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई। ग्रामीणों ने बाइक सवार को पकड़ लिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही बालिका ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से घर में कोहराम मच गया है। मृतका की मां गुड्डी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गुड्डी देवी के पति की कई साल पहले मौत हो चुकी है। राम देवी तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद बालिका का शव परिवार वालों को सौंप दिया है।