तिलहर। निगोही मार्ग की बंद रेलवे क्रॉसिंग को पार करने के प्रयास में बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे फिर हादसा हो गया। क्रॉसिंग बंद होने के बावजूद बाइक लेकर एक युवक जैसे ही अपलाइन पर पहुंचा, शाहजहांपुर की ओर से आ रही डबल डेकर ट्रेन बाइक से टकरा गई। बाइक के परखचे उड़ गए। हादसे के बाद बाइक सवार युवक लापता हो गया।
अचानक हुए हादसे से रेलवे फाटक पर मौजूद कर्मचारी भी घबरा गए। उनसे सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी ने बाइक के टूटे हुए हिस्सों को बटोरकर कब्जे में लिया और चालक की तलाश शुरू की। जीआरपी चौकी के इंचार्ज नरवीर सिंह ने बताया कि क्रॉसिंग ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते पूरी तरह बंद है। इसके बावजूद राहगीर जोखिम उठाकर वैकल्पिक रास्ते के रूप में रेल पटरियों को पार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मौके पर बिखरे मिले बाइक के हिस्से कब्जे में लेकर उसके चालक की तलाश की जा रही है। इसी क्रॉसिंग पर कुछ समय पहले भी एक बाइक मालगाड़ी से टकरा गई थी। संवाद