हादसे की सूचना पर जल्दबाजी के फेर में खंभे से टकराने से क्षतिग्रस्त हुई कांट थाने की गाड़ी। स्र
कांट (शाहजहांपुर)। मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव चौड़ा भूड़ निवासी गुरजीत सिंह (45) की बाइक कांट-मदनापुर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में उनकी मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार उनकी सास कांट के राजपुर निवासी कुलविंदर कौर (65) ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। सास और दामाद की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
खेतीबाड़ी करने वाले गुरजीत सिंह रविवार को अपनी ससुराल आए थे। पूरे दिन ठहरने के बाद रात करीब साढ़े आठ बजे सास कुलविंदर कौर को बाइक पर बैठाकर अपने घर जा रहे थे। गांव मोहनपुर ममरेजपुर के पास बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने अचानक सामने से आए ट्रैक्टर से बाइक टकरा गई। हादसे में गुरजीत की मौके पर मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। उनकी साथ बैठीं कुलविंदर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कुलविंदर को राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए भेजा। जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक राकेश मौर्य ने बताया कि मामले में तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
जल्दबाजी के चलते खंभे से टकराई पुलिस की गाड़ी
हादसे की सूचना थाने आने के बाद पुलिस टीम मौके की ओर रवाना हुई। जल्दबाजी के चलते पुलिस की गाड़ी थाने के गेट पर खंभे से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।