शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र में रविवार रात सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर खड़े ट्रक में बाइक टकराने से युवक की मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया।
शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र में हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से बाइक टकरा गई, जिससे युवक की मौत हो गई। मृतक के पिता ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
रविवार रात आठ बजे गांव बड़ागांव में हाईवे पर चालक ने ट्रक खड़ा कर दिया और कहीं चला गया। इस बीच उधर से निकले गांव निवासी 25 वर्षीय सत्यपाल की बाइक ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में सत्यपाल गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। किसी ने सत्यपाल की पहचान कर उनके घर हादसे की खबर दी।
सूचना पाकर परिजन रोते हुए मौके पर पहुंचे और सत्यपाल को पुवायां सीएचसी लाए। सीएचसी पर सत्यपाल को मृत घोषित कर दिया गया। सत्यपाल के पिता रामाधार वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सत्यपाल का शव पोस्टमॉर्टम को भिजवाया।
सत्यपाल की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर चालक का पता लगाया जा रहा है।