शाहजहांपुर। प्रदेश के वित्त, संसदीय कार्य एवं स्वास्थ्य शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पावर कॉरपोरेशन के अभियंताओं को खराब ट्रांसफॉर्मर प्रत्येक दशा में 48 घंटे के अंदर बदलने और सौभाग्य योजना के तहत ग्रामीण विद्युतीकरण का अधूरा कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में हुई बैठक में कटरा के विधायक वीर विक्रम सिंह और अन्य विधायकों के प्रतिनिधियों ने बिजली अभियंताओं के सीयूजी नंबर डायल करने पर मोबाइल कॉल रिसीव नहीं करने, फर्जी बिल जारी करने, गलत आख्या देने, बिजली फाल्ट समय से ठीक नहीं कराने आदि शिकायतों की झड़ी लगा दी। मंत्री खन्ना ने जन प्रतिनिधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अभियंताओं को निर्देश दिया कि शहर अब महानगर हो गया है। इसलिए अधिकारी भी जन सुविधाओं के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैया बदल लें। उन्होंने एसई, श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि सौभाग्य योजना के तहत जिन गांवों में बिजली नहीं पहुंची, वहां विद्युतीकरण जल्द कराएं और 11 सितंबर को डीएम की अध्यक्षता में होने वाली समीक्षा बैठक में कार्य पूर्ति की आख्या दें। मंत्री खन्ना ने कहा कि अगले माह वह फिर बैठक करेंगे और उसमेें कमियां पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई होगी। बैठक मेें सांसद अरुण सागर, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, डीएम इंद्र विक्रम सिंह, सीडीओ महेंद्र सिंह तंवर, डीसीबी के चेयरमैन डीपी सिंह, पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन प्रशांत गुप्ता, वेद प्रकाश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।