कुर्रियाकलां समिति पर प्रदर्शन करते किसान। संवाद
कुर्रियाकलां। गांव की सहकारी समिति पर बुधवार को आठ सौ बोरी डीएपी खाद पहुंची। सारी खाद बड़े काश्तकारों में बांट दी गई। सुबह से लाइन में लगे लघु सीमांत श्रेणी के छोटे किसानों को दोपहर बाद खाद नहीं मिली। इस पर उन्होंने गोदाम के बाहर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।
किसानों का आरोप है कि ज्यादा जोत वाले कई किसानों को खाद की दस से 40 बोरी दे दी गईं, लेकिन दो से पांच बोरी तक मांग करने वाले किसानों को दोपहर तक लाइन में लगाए रखा गया। इस बीच कई किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से खाद लेकर तुरंत लौट गए। प्रदर्शन करने वाले किसानों में रामखेड़ा गांव के बबलू सिंह, प्रहलादपुर के विमलेश यादव, सिसौरी के सोनू चौहान व राम अवतार, रामखेड़ा के मोनू सिंह, बहरी कुर्रिया के कन्हैया लाल, अनुज, प्रभाकर आदि शामिल रहे। समिति के सचिव रंजीत सिंह ने बताया कि जिन किसानों की चेक पहले भरी गई थी, उन्हें प्राथमिकता से खाद दी गई। उन्होंने बताया 1500 बोरी डीएपी बांटी जा चुकी है और शेष किसानों को दो दिन बाद खाद देने के लिए टोकन जारी कर दिए गए हैं। संवाद