भारत ॉसरकार के युवा कार्यक्रम विभाग के सचिव राजीव गुप्ता ने कहा है कि भारत को समृद्घ और सक्षम बनाने में देश की युवा शक्ति पूरी तरह समर्थ है। उन्होंने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ाने के अवसर खोजने होंगे जिससे कि वे भारत के चहुंमुखी विकास में अपनी रचनात्मक भूमिका निभा सकें।
वह बृहस्पतिवार को एसएस कॉलेज में शहर के डिग्री कॉलेजों की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों द्वारा आयोजित युवा समागम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विश्व में सर्वाधिक युवा अपने देश में हैं। युवाओं को एनएसएस के आधारभूत उद्देश्यों की सफलता के लिए अपने दायित्व पूरे करने होंगे जिससे कि देश प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सके।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 15 से 39 वर्ष आयु के युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में 100 पुरस्कार दिए जाने की योजना बनाई गई है। यह पुरस्कार प्रतिवर्ष 12 जनवरी को युवा दिवस पर दिए जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने सचिव से एनएसएस में अन्य कल्याणकारी योजनाएं शामिल कराने का आग्रह किया। एडीएम मुनेंद्र नाथ उपाध्याय ने युवाओं में देश प्रेम का जज्बा जगाने की जरूरत बताई।
कार्यक्रम में एनएसएस के क्षेत्रीय प्रभारी डॉ. अशोक श्रोत्रिय, डॉ. मनवीर सिंह, डॉ. शालीन कुमार सिंह आदि ने विचार रखे। इससे पूर्व डॉ. प्रशांत अग्निहोत्री, डॉ. आयशा जबी, डॉ. संतोष सक्सेना आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रारंभ में एनएसएस की छात्राओं ने राष्ट्रगान कर स्वागत गीत, लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया।
साढ़े तीन दशक के बदलावों
का लिया जायजा
केंद्रीय सचिव गुप्ता ने विकास भवन सभागार में जिले के अधिकारियों, उद्योगपतियों और व्यापार संगठन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके साढ़े तीन दशक में आए बदलावों का जायजा लिया। उन्होंने वर्ष 1980 में यहां संयुक्त मजिस्ट्रेट पद पर नियुक्ति से लेकर अब तक हुए परिवर्तनों की समीक्षा की। उन्होंने पाया कि गेहूं, धान उत्पादन में प्रगति हुई, लेकिन तिलहन-दलहन रकबा घट गया। ढाई गुना बढ़ी जनसंख्या के अनुपात में संसाधन घट रहे हैं। आईआईए के प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने सचिव से उनके दौरे का मकसद पूछते हुए कहा कि केंद्र और राज्य में तालमेल की कमी से 100 दाल मिलें, इतनी ही ऑयल मिलें, गन्ना पेराई करने वाले सैकड़ों क्रेशर और चूड़ा मिलें बंद हो चुकी हैं। इससे पहले डीएम ने सचिव का परिचय देने के साथ उन्हें जिले में युवा कार्यक्रमों की प्रगति का विवरण दिया। इस मौकेपर सीडीओ महेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम एमएन उपाध्याय, सीएमओ डॉ. उमेश सिंह यादव, एएसपी ग्रामीण श्रीकृष्ण अदि मौजूद रहे।
नेहरू युवा क्लब का
किया निरीक्षण
भ्रमण के दौरान सचिव गुप्ता ने अकर्रा रसूलपुर के नेहरू युवा क्लब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि युवा वर्ग राष्ट्रीय अभियानों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाए। इससे पहले उन्होंने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके नेहरू युवा केंद्र संगठन के मंडल निदेशक जेपीएस नेगी, निदेशक केएन दुबे, एडीएम एमएन उपाध्याय, एसडीएम जयनाथ यादव, राजेंद्र राजन, संजीव मिश्रा आदि मौजूद रहे।