पुवायां। विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू भानु गुट का डाक बंगला परिसर में और भाकियू राष्ट्रवादी गुट का मंडी किसान भवन में धरना बुधवार को भी जारी रहा।
भाकियू भानु गुट के जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में डाक बंगला में तीसरे दिन भी किसान धरने पर बैठे रहे। मंगलवार को नायब तहसीलदार पंकज कुमार वार्ता करने के लिए गए थे, लेकिन वार्ता बेनतीजा रही थी। किसानों ने समस्याओं का समाधान कराने पर ही धरना समाप्त करने की बात कही थी।
उधर, भाकियू मजदूर यूनियन राष्ट्रवादी गुट की ओर से 30 सितंबर को एसडीएम को ज्ञापन देने के बाद भी सुनवाई नहीं होने पर सात अक्तूबर से मंडी के किसान भवन में धरना शुरू कर दिया था। बुधवार को दूसरे दिन भी धरना जारी रहा। जिला प्रभारी रमाकांत यादव ने बताया कि अगर जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे लोग आंदोलन को उग्र करने को बाध्य होंगे। संवाद