शाहजहांपुर। बीएड प्रवेश परीक्षा को शुचितापूर्ण कराने के उद्देश्य से मजिस्ट्रेटों व केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। जानकारी दी कि अभ्यर्थियों को परीक्षा से एक घंटा पहले केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
अध्यक्षता करते हुए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 31 मई को बीएड प्रवेश परीक्षा सात केंद्रों पर होगी। इसमें 2993 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की पहली पाली सुबह नौ से दोपहर 12 व दूसरी पाली दिन में दो से शाम पांच बजे तक होगी। डीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा शुचितापूर्ण कराई जाए।
दोनों पालियों में अभ्यर्थी का प्रवेश परीक्षा शुरू होने के एक घंटा पहले कराएं। परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे के बाद किसी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाए। अभ्यर्थी केवल प्रवेशपत्र दो प्रति, एक अतिरिक्त फोटो व एक पहचान पत्र साथ लाएंगे। मोबाइल, कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रानिक्स डिवाइस का प्रयोग नहीं होगा। एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक व केंद्र पर्यवेक्षक मौजूद रहे।