खुटार। मोहल्ला रायटोला निवासी प्यारेलाल श्रीवास्तव (35) काफी समय से बीमार रहने के कारण चलने में असमर्थ थे। बृहस्पतिवार दोपहर में बीड़ी की चिंगारी से बिस्तर में आग लग गई और उनकी जलकर मौत हो गई।
प्यारेलाल के बड़े भाई नेमपाल हरिद्वार में रहकर किसी कारखाने में काम करते थे। प्यारेलाल की शादी नहीं हुई थी। वह अपने दिव्यांग भाई जयदेव के साथ रहते थे। प्यारेलाल टीबी सहित कई रोगों के कारण बेहद कमजोर हो गए थे। दो वर्ष पूर्व उनके पैर में सड़न हो गई थी, जिससे वह चारपाई पर ही पड़े रहते थे। भाई जयदेव उनकी देखभाल करते थे।
बृहस्पतिवार सुबह जयदेव लकड़ी बीनने जंगल चले गए। घर पर अकेले प्यारेलाल ने बीड़ी जलाई तो उसकी चिंगारी बिस्तर पर गिर गई। प्यारेलाल को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। कुछ देर बाद बिस्तर जलने लगा तो प्यारेलाल ने शोर मचाया, लेकिन घर काफी बड़ा और दूर होने के चलते लोगों को जानकारी नहीं हो सकी और प्यारेलाल की जलकर मौत हो गई। बाद में लोगों ने घर से धुआं उठते देख मौके पर जाकर आग बुझाई, तो प्यारेलाल का शव पड़ा मिला। भाई जयदेव ने बताया कि वह पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहता है। बड़े भाई नेमपाल के आने पर शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।