शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली दरबार होटल के पास गाड़ी हटाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने एक युवक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीट दिया। इस मामले में पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला कच्चा कटरा निवासी नवनीत वर्मा ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 13 अगस्त की रात करीब दस बजे बेरी चौकी स्थित होटल दिल्ली दरबार से खाना पैक करा रहा था। वहां पहले से मौजूद अक्षय कदम, योगेश कदम निवासी मोहल्ला खिरनीबाग थाना सदर बाजार, उनके दोस्त सुनील, शिवांश मिश्रा से गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हो गया।
झगड़े से बचने के लिए वह चल दिया। होटल के बाहर खड़े छोटे भाई सचिन वर्मा के साथ उन लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। तेज बारिश होने के कारण वह अपनी शिकायत लेकर थाने नहीं जा पाया। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।