जेठ माह का अंतिम बड़ा मंगल शहरवासियों के लिए यादगार लमहे छोड़ गया। खिरनीबाग स्थित जीआईसी मैदान में (रामलीला मैदान) ख्यातिलब्ध गायक लखवीर सिंह लक्खा के भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। श्री बालाजी के जागरण में उमड़ी भीड़ लक्खा के भजनों पर सुधबुध खोकर इतनी मस्त हो गई कि उन्हें पता ही नहीं चला कि सुबह कब हो गई।
बालाजी के जगराते के लिए मैदान में भव्य दरबार सजाया गया था। दरबार में बालाजी महाराज, श्रीगणेश-लक्ष्मी, मां दुर्गा, साईं बाबा आदि की मूर्तियां रंग-बिरंगी रोशनी में मन को आकर्षित कर रहीं थीं। भोग के लिए मिष्ठान और फलों का अंबार लगा था। समीप के मंच पर ही कलाकार वाद्ययंत्रों के साथ धार्मिक धुनें बिखेर रहे थे। आदर्श विकलांग कल्याण संस्थान और मयूर जागरण पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में हुए जगराते का शुभारंभ चंचल चित्रांशी ने हनुमान चालीसा, जय हो तुम्हारी बजरंगबली और बालाजी मेरे घर आना आदि भजन सुनाकर श्रोताओं को तालियां बजाकर झूमने के लिए विवश कर दिया। इसी कड़ी में सुप्रीत मौर्य, धीरज शर्मा राजा ने माता जब बुलाए भजन प्रस्तुतकर समां बांध दिया।
रात करीब साढ़े बारह बजे लक्खा ने मंच संभाला तो श्रोताओं ने उनका गर्मजोशी से तालियां बजाकर स्वागत किया। सिया राम जय राम, जय जय राम संकीर्तन के बाद उन्होंने तुम्हारी जय हो वीर हनुमान, लाल लंगोटे वाले, लहर-लहर लहराय रहो बजरंगी का झंडा आदि कई भजन प्रस्तुत किए तो वहां मौजूद हजारों महिलाएं, पुरुष और युवा तालियां बजाकर झूम उठे। इस अवसर पर हनुमान जी की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। इससे पूर्व जगराते का शुभारंभ पुरोहित राम प्रवेश शास्त्री ने विकलांग कल्याण संस्थान के संरक्षक हरिशरण वाजपेयी से पूजन कराकर किया।
गायक लक्खा को किया सम्मानित
बालाजी के जगराते में आयोजक मंडल के नीरज वाजपेयी, मयूर खन्ना, धीरज शर्मा उर्फ राजा नंदा आदि ने गायक लक्खा को रामनामी दुपट्टा ओढ़ाकर और तलवार भेंटकर सम्मानित किया।
जगराते में पहुंचीं राजनीतिक हस्तियां
जगराते में आमजन के अलावा भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुरेश खन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष नीतू सिंह, सांसद कृष्णा राज, एमएलसी जयेश प्रसाद, विधायक राजेश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव, सपा नेता उपेंद्र पाल सिंह, डॉ. रवि मोहन, डॉ. अमित सिंह आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने भजनों का खूब आनंद लिया।
इन्होंने संभाली व्यवस्था की जिम्मेदारी
बालाजी के जागरण की व्यवस्था में मुख्य रूप से मूयर जागरण पार्टी के मुखिया मयूर खन्ना, आदर्श विकलांग संस्थान के प्रदेश सचिव नीरज वाजपेयी, नरेंद्र सक्सेना, दिनेश गोगिया, सुशील गुप्ता, अरविंद गुप्ता, सोनल गुप्ता, सुनील फौजी, आशुतोष श्रीवास्तव, धू्रव शुक्ला, मोनू सक्सेनास, रवि सक्सेना, विशाल पांडेय, शैफाली वाजपेयी, राधा मिश्रा, अन्नू त्रिवेदी आदि का योगदान रहा।
आयोजकों को हटानी पड़ी बैरीकेटिंग
लक्खा को सुनने और देखने के लिए भीड़ जुटेगी, यह तो आयोजकों को पता था, लेकिन इतनी भीड़ जुट जाएगी, इसका अंदाजा उन्हें नहीं था। इसलिए व्यवस्था बनाए रखने के लिए जो बैरीकेटिंग की गई थी, वह भीड़ बढने पर न चाहते हुए भी हटानी पड़ी। श्रोताओं से जीआईसी का रामलीला मैदान खचाखच भर गऱ्या था। इस बीच एक बालिका बेहोश भी हो गई, उसे भजन गायक के एक साथी ने जैसे-तैसे होश दिलाया।