विकास भवन में योजनाओं के लाभार्थी को प्रमाण पत्र देते प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप। स्रोत: सूचन
शाहजहांपुर। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शनिवार को सीएम डैशबोर्ड, विकास कार्य, कानून व्यवस्था और बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सीएम डैशबोर्ड में बी और सी ग्रेड वाले विभागों को सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने उन्हें बताया कि अगले एक सप्ताह तक बाढ़ का जोखिम नहीं है। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने बताया कि आपदा मित्र नियुक्त किए गए हैं और एनडीआरएफ की टीम कार्यरत है। शहरी क्षेत्रों में भी संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारी पूरी है।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्हें बताया गया कि जिले में हत्या के मामलों में 41 प्रतिशत की कमी आई है और लूट का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। धर्मांतरण से जुड़े मामलों में भी 90 प्रतिशत की कमी बताई गई। प्रभारी मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में शादी अनुदान योजना के 15, ओ लेवल और सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना वर्ष 2024-25 के 20 और राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के पांच लाभार्थियों को प्रमाणपत्र दिए।
इस दौरान डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, एमएलसी सुधीर गुप्ता, विधायक वीर विक्रम सिंह, हरि प्रकाश वर्मा, चेतराम, सलोना कुशवाहा, अरविंद कुमार सिंह मौजूद रहे।
शीतला माता मंदिर के सुंदरीकरण का लिया जायजा
कांट। प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शीतला माता मंदिर पहुंचकर माता रानी के दरबार में माथा टेका और सुंदरीकरण कार्य का जायजा लिया। ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने बताया कि मंदिर के सुंदरीकरण के लिए करीब 1.80 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इस दौरान एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एडीएम असलम खां आदि मौजूद रहे। संवाद