कांट क्षेत्र के गांव बरौरी और चौहनापुर के मतदाताओं का गुस्सा उस वक्त भड़क उठा जब ग्राम पंचायत की मतदाता सूचियों से उन्हें अपने नाम गायब मिले। इसके विरोध में ग्रामीणों ने रविवार को मुख्यालय पर आकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। बाद में डीएम के नाम सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह को ज्ञापन देकर दोनों गांवों की वोटर लिस्टों में काटे गए नाम दोबारा शामिल कराए जाने की मांग की।
ग्रामीणों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर बताया कि बबौरी गांव में बीएलओ ने वोटर लिस्ट का सत्यापन करने के बाद चार मतदाताओं के नाम विलोपित करने की अधिकारियों को आख्या दी, लेकिन सूची से 84 नाम काट दिए गए। इसी तरह चौहनापुर के बीएलओ ने अफसरों को सात मतदाताओं के नाम विलोपित करने की संस्तुति सहित रिपोर्ट भेजी, लेकिन नई सूची में 43 मतदाताओं के नाम कम हो गए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या से डीएम को अवगत कराने के साथ उनके निर्देशानुसार जांच सहित सूचियों में जरूरी संशोधन कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा। प्रदर्शन में सुंदर लाल, राम सिया, विद्या देवी, सुनीता देवी, दिनेश चंद्र, कल्लू, रामकली, रघुवीर प्रसाद, विष्णु दयाल, राम प्रकाश आदि शामिल रहे।