बेसिक स्कूलों की वार्षिक परीक्षा शुरू
बेसिक शिक्षा परिषद की वार्षिक परीक्षा सोमवार से जिलेभर में शुरू हो गई। परीक्षा में लगभग 3,61,865 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। तहसील दिवस के कारण पहले दिन अधिकांश सचल दल अपने क्षेत्रों में नहीं निकल सके। बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्वक हुई। परिषदीय परीक्षा में प्राथमिक वर्ग में (कक्षा एक से पांच तक) लगभग 2,68,803 और उच्च प्राथमिक वर्ग (कक्षा छह से आठ तक) में करीब 93,062 पंजीकृत छात्र-छात्राएं शामिल हुए। तहसील दिवस के बावजूद स्वयं बीएसए राकेश कुमार, डीआईओएस कमलाकर पांडेय, डायट प्राचार्य राकेश कुमार आदि सचल दलों ने कई केंद्रों का निरीक्षण कर शिक्षकों को नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए दिशा निर्देश दिए और परीक्षा की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। प्रथम दिवस सभी कक्षाओं मेे हिंदी और कला विषयों का पेपर हुआ।