शाहजहांपुर। बरेली के थाना मीरगंज क्षेत्र के सिबना गांव निवासी 35 वर्षीय लक्ष्मी की रविवार सुबह राजकीय मेडिकल काॅलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह दस दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गईं थीं।
परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी देवी की शादी करीब 15 साल पूर्व प्रेमप्रकाश के साथ हुई थी। उनका मायका सुल्तानपुर में है। उनके दो बेटे सूर्यांश, अंशू और बेटी आरोही है। करीब दस दिन पूर्व लक्ष्मी देवी संदिग्ध हालात में आग से झुलस गईं थीं। परिजनों ने उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत में सुधार न होने पर शुक्रवार को परिजनों ने किसी रिश्तेदार के जरिये लक्ष्मी को राजकीय मेडिकल कॉलेज लाकर भर्ती कराया। यहां हालत बिगड़ने पर लक्ष्मी ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि पति से हुई कहासुनी के बाद किसी बात से नाराज लक्ष्मी ने खुद आग लगा ली थी। परिजनों ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है।