पुलिस लाइंस में बृहस्पतिवार से 41वीं अंतर्जनपदीय एलार्म एफीशिएंसी रेस एवं रायफल/रिवाल्वर शूटिंग प्रतियोगिता शुरू हो गई। प्रतियोगिता में जोन के सात जनपदों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन एलार्म एफीशिएंसी रेस हुई, जिसमें सभी बाधाओं को सफलतापूर्वक सबसे कम समय में पार करते हुए बरेली ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मेजबान शाहजहांपुर की टीम दूसरे स्थान रही। इससे पूर्व मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए एसपी ने सभी जनपदों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि सभी अनुशासन में रहकर और खेल भावना का परिचय देते हुए अपने जनपद तथा विभाग का नाम रोशन करेंगे। उद्घाटन अवसर पर एएसपी ग्रामीण आशाराम यादव, एएसपी नगर राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर अनुराग दर्शन, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह, प्रतिसार निरीक्षक विक्रम सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।