अल्हागंज में बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर सड़क पर हुआ गड्ढा। संवाद
अल्हागंज। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे हाल ही में हुए चौड़ीकरण के बाद पहली बरसात में फिर गड्ढों से छलनी हो गया है। नगर में रोडवेज स्टेशन के तिराहे से लेकर एक ओर हुल्लापुर चौराहा तक और दूसरी तरफ जलालाबाद के रास्ते पर कई जगह पिछले दिनों हुई भारी बारिश से हाईवे का बजरी-कोलतार उखड़ चुका है। इस वजह से हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
खास यह है कि चौड़ीकरण के बाद मानसून की शुरुआत से पहले यातायात के भारी दबाव से हाईवे पर कई जगह हुए गड्ढों की मरम्मत भी कराई गई। इसके बावजूद बारिश की झड़ी लगने पर हाईवे फिर कई जगह दरकने लगा।
यह हाईवे बेवर से मैनपुरी होकर आगे मीरानपुर कटरा में लखनऊ-दिल्ली हाईवे से जुड़ता है। इसी हाईवे पर फर्रुखाबाद से लेकर जलालाबाद, मदनापुर क्षेत्र के तमाम गांवों के संपर्क मार्ग भी जुड़े हैं।
इस कारण हाईवे पर सुबह से देर रात तक यातायात का भारी दबाव बना रहता है। ऐसे में हाईवे पर गड्ढे होने से वाहन धीमी रफ्तार से निकल रहे हैं और अक्सर जाम भी लग रहा है। गड्ढों से आए दिन हादसे भी हो रहे हैं। बारिश में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और खतरनाक हो जाती है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से हाईवे की मरम्मत जल्द कराने की मांग की है।