शाहजहांपुर। चाइनीज एप की मदद से कई दिनों तक शरारती तत्वों ने ई-रिक्शा चालकों के साथ ही ई-स्कूटी चालकों को भी खूब परेशान किया। हालांकि एप पर प्रतिबंध लगने के बाद शनिवार को कोई मामला सामने नहीं आया।
पिछले कई दिनों से ई-रिक्शों के साथ ही ई-स्कूटी की लीथियम बैटरी को हैक कर बंद कर दिया जा रहा था। स्कूटी चलते हुए अचानक रास्ते में बंद हो जाती थी। मीटर ऑन नहीं होने के साथ चार्जिंग नहीं होती थी। एजेंसी संचालक अनमोल वर्मा ने बताया कि कुछ दिनों से एजेंसी पर रोजाना 10-15 स्कूटी चालक समस्या लेकर आ रहे थे। शनिवार को बहुत कम लोग आए।
एजेंसी स्वामी मोहम्मद खालिद ने बताया कि एक जुलाई की शाम से दो जुलाई तक यह समस्या ज्यादा रही। इसके बाद उनके पास ई-रिक्शा बंद होने की कोई शिकायत नहीं आई है। सीओ ट्रैफिक शुभम वर्मा ने बताया कि इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। फिर भी इस संबंध में जांच कराई जाएगी। संवाद