भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन पुलिस और एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम ने लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर एक क्विंटल, 35 किलो, आठ सौ ग्राम गांजा समेत एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी जयपुर व उड़ीसा से बसों के जरिए गांजा खरीदकर लाता था और मेरठ में बिक्री करता था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
एसपी एस आनंद ने बताया कि 16 अप्रैल को तड़के तीन बजे एसटीएफ लखनऊ के निरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा व प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन रवि कुमार की टीम ने संयुक्त रूप से लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शादाब निवासी ग्राम बरनावा थाना बिनौली जनपद बागपत को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक क्विंटल, 35 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा एवं जयपुर से गांजा खरीद कर लाता है। यह गांजा वह मेरठ में सप्लाई करता है। गांजा रजाई के कवर में इस तरह से ढका रहता है कि देखने में बिस्तर की तरह प्रतीत होता है। आरोपी मेरठ जाने के लिए बस के इंतजार में खड़ा था तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।