शाहजहांपुर। जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव राजपुर नगला निवासी राजवीर ने हरियाणा पुलिस पर अष्टधातु की मूर्ति छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मूर्ति हड़पने के लिए बाबा रामदास और राजवीर के भाई बबलू को बेरहमी से पीटा। राजवीर का कहना है कि वह करीब दस साल से हरियाणा में मजदूरी करते हैं। काम के दौरान एक साथी ने राजवीर को फर्रुखाबाद के बाबा रामदास के पास अष्टधातु की मूर्ति होने की बात बताई थी। राजवीर के अनुसार, बाबा ने मुलाकात के बाद मूर्ति की जांच कराने की गुजारिश की थी।
राजवीर अपने भाई बबलू के साथ हरियाणा में नौकरी करने गए थे। फर्रुखाबाद के युवक ने फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र के बाबा रामदास के पास प्राचीन मूर्ति होने की जानकारी दी थी। राजवीर के अनुसार, बाबा से मुलाकात के बाद उन्होंने मूर्ति की जांच कराने की गुजारिश की। इसके बाद राजवीर के बड़े भाई बबलू, बाबा रामदास, उनका बेटा विमलेश व एक अन्य व्यक्ति दिसंबर-2022 में हरियाणा के हिसार के नागोरी गेट पर स्थित शिव ज्वेलर्स पर मूर्ति लेकर पहुंचे। राजवीर का आरोप है कि ज्वेलर्स के यहां दुकान पर काम करने वाले विवेक पाटिल की नीयत मूर्ति देखकर खराब हो गई। उनके दुकान से निकलते ही चार सिपाहियों ने चारों को घेर लिया और थाने ले जाकर बेरहमी से पीटा।
राजवीर के अनुसार, रात में बाबा रामदास को इतना पीटा कि उनके दांत टूट गए। राजवीर ने पुलिस द्वारा बबलू को पकड़ने पर आपत्ति जताई। कहा, उनके भाई बबलू को पकड़ना गलत है। वह मूर्ति बेचने के इरादे से नहीं गए थे। वह मूर्ति की जांच कराके वापस लेकर आते। राजवीर ने बताया कि उनके भाई के खिलाफ पुलिस के कार्रवाई करने पर उन्होंने मामला उच्चाधिकारियों के सामने उठाया।
-
मूर्ति रख ली, पाटिल ने छुड़वाकर अहसान दिखाया
राजवीर ने बताया कि विवेक पाटिल ने थाने आकर चारों को छुड़वा दिया था। पाटिल ने बताया था कि पुलिस को उसने 14 लाख रुपये दिए हैं, तब उन्हें छुड़वाया है। मूर्ति पुलिस ने अपने पास रख ली है।
आम आदमी पार्टी के नेता ने की मदद
राजवीर ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ आवाज तब उठाई, जब उसे हिसार में आम आदमी पार्टी के नेता मनोज का साथ मिला। उसने सीआईए-टू टीम पर मूर्ति हड़पने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से पत्राचार किया तो पुलिस ने जांच शुरू की।