मीरानपुर कटरा। जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने रविवार को मोहल्ला बंगशान स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में गंदा पानी भरा देखकर नाराजगी जताई। अफसरों को इसे तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए।
प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप के जनपद आगमन की सूचना अफसरों को पूर्व में मिल गई थी। शनिवार को ही एसडीएम जीत सिंह राय व ईओ कल्पना शर्मा ने लखनऊ-दिल्ली हाईवे के मुख्य चौराहे से अतिक्रमण साफ कराने के अलावा कस्तूरबा स्कूल के मार्ग को समतल कराकर चलने लायक बनवाया था।
स्कूल परिसर में सफाई भी कराई गई। इसके बावजूद निरीक्षण के दाैरान वहां कई कमियां प्रभारी मंत्री की निगाह में आ गईं। स्कूल के नवनिर्मित भवन का धरातल सड़क से नीचा है। इस कारण परिसर में पानी भरा देख वे नाराज हो गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि भवन बनाने से पहले इसका तल ऊंचा रखना चाहिए था, क्योंकि सड़क ऊंची होने से नाली का पानी भी अंदर आ सकता है।
नवनिर्मित भवन में पत्थर एवं टाइल्स का कार्य पूरा न होने पर भी उन्होंने अप्रसन्नता जाहिर की। उनकी नाराजगी तब और बढ़ गई, जब उन्होंने भवन के पास खोदे गए गड्ढे में नाली का गंदा पानी भरा देखा। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि इस पानी में मच्छर पनप सकते हैं। ऐसे में छात्राओं के रोगों से घिरने पर इसका जिम्मेदार कौन होगा?
इस पर साथ में मौजूद मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह ने नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी को गड्ढे में मिट्टी डालकर उसे भरवाने और परिसर की सफाई कराने के निर्देश दिए।
छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
निरीक्षण से पहले विद्यालय परिसर में प्रभारी मंत्री ने हरिशंकरी सहित बरगद, पीपल, पाकड़ आदि के पौधे रोपे। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड लगाने के निर्देश देने के साथ प्रभारी मंत्री ने सामाजिक वानिकी प्रभाग के अधिकारियों को तलब किया, लेकिन वन विभाग का कोई कर्मचारी माैके पर नहीं पहुंचा। प्रारंभ में प्रभारी मंत्री के स्वागत में बा स्कूल की छात्राओं ने समूह गीत समेत कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विधायक वीर विक्रम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता, भवन निर्माण की कार्यदायी संस्था के एक्सईएन सुधीर कुमार, सहायक अभियंता रवि आनंद, स्कूल की वार्डन ऋतु सक्सेना आदि मौजूद रहे।