सैनिकों के खिलाफ अमर्यादित भाषा बोलने पर आजम खां विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के निशाने पर आ गए हैं। इन हिंदू संगठनों ने न सिर्फ आजम का पुतला फूंका बल्कि विहिप के जिला मंत्री राजेश अवस्थी ने तो आजम की जीभ काटकर लाने वाले को 50 लाख रुपये इनाम देने तक की घोषणा कर दी।
सैनिकों के खिलाफ विवादित बयान देने वाले पूर्व मंत्री आजम के खिलाफ बृहस्पतिवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का गुस्सा सड़क पर उतर पड़ा। दोनों संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आजम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उन्हें देशद्रोही बताया। इस दौरान विहिप के जिला मंत्री राजेश अवस्थी ने आजम के खिलाफ जमकर भड़ास निकालते हुए उनकी जीभ काटकर लाने वाले को 50 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा कर दी। राजेश अवस्थी का कहना है कि आजम खां कभी भारत माता को डायन कहते हैं तो कभी एक पीड़ित परिवार के खिलाफ विवादित बयान देकर उसका मनोबल तोड़ने का काम करते हैं। इस बार उन्होंने वीर जवानों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर सैनिकों का अपमान किया है। इसकी उन्हें सजा मिलनी चाहिए।
कलक्ट्रेट गेट पर आजम खां का पुतला फूंकने वालों में बजरंग दल के प्रांत संयोजक अनुज कुमार सिंह, प्रांत गोरक्षा प्रमुख कृष्ण कुमार सक्सेना, ओम गुप्ता, श्याम मनोहर गुप्ता, प्रभाकर सिंह, सुरेश वर्मा, राम लखन वर्मा, राम निवास, तुलाराम, धर्मेंद्र पाल सिंह, प्रदीप मौर्या, शलभ शुक्ल, अमर सिंह, धनपाल, राहुल पाठक, सरोज श्रीवास्तव, सुधांशु विश्वकर्मा, धीरज शुक्ला समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
‘इनाम देने के लिए प्रापर्टी भी बेच देंगे’
शाहजहांपुर। विहिप जिला मंत्री राजेश अवस्थी से संवाददाता ने पूछा कि आप इनाम की राशि देंगे कैसे तो उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी अधिवक्ता हैं, परिवार से भी मदद मिल जाएगी। फिर भी रुपये कम पड़े तो प्रापर्टी बेचकर भी इनाम की रकम पूरी करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणी करने वाले नेता को देश में रहने का अधिकार नहीं है।