अल्हागंज में पुलिस की गिरफ्त में दो हत्यारोपी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
अल्हागंज। क्षेत्र के गांव इमलिया निवासी मजदूर ठेकेदार अवध बिहारी हत्याकांड का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने नामजद दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने जुए में जीते रुपये को लेकर हुए विवाद अवध बिहारी की पीट-पीटकर हत्या करने की बात कुबूल की है।
28 जनवरी की शाम मजदूर ठेकेदार अवध बिहारी को गांव के दो लोग बुलाकर बुलाकर ले गए थे। अगले दिन शाम पांच बजे घर से 500 मीटर दूर पृथ्वीराज के खेत में उसका शव पड़ा मिला था। पुलिस ने मृतक के भाई श्याम बिहारी की तहरीर पर गांव के जगतराम, गुटई, रमाकांत और पृथ्वीराज के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू की।
सीओ मस्सा सिंह ने बताया कि सोमवार को थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सहरावत ने मुखबिर की सूचना पर हुल्लापुर चौराहे पर हरदोई की तरफ जाने वाले रास्ते से अवध बिहारी हत्याकांड के वांछित इमलिया निवासी जगतराम व घुटई उर्फ किशनपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में जगतराम और घुटई ने अवध बिहारी की हत्या करने की बात कुबूल की है। दोनों ने बताया कि रात में तीनों ने शराब पीने के बाद जुआ खेलना शुरू किया था।
इस बीच अवध बिहारी ने जगतराम के 1500 और घुटई उर्फ किशनपाल के 1400 रुपये जीत लिए थे। उसी के लेन-देन को लेकर मारपीट हो गई। इस पर दोनों ने दबोच कर पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या का शक पृथ्वीराज पर जाए, इसलिए उसके खेत में ले जाकर शव को छिपा दिया था।
एसपी देहात संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि हत्या की वारदात को जगतराम और घुटई ने अंजाम दिया है। शेष लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।