शाहजहांपुर। फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र घोटाले की शिकायत करने वाले मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव मझारा निवासी संतराम कश्यप पर हमला किया गया। उनके साथ गाली-गलौज भी की गई। पीड़ित ने जिलास्तरीय अधिकारियों को सूचना दी है, साथ ही थाने में तहरीर भी दी है।
संतराम कश्यप ने समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र बने हाेने की शिकायत की थी। सीडीओ की जांच के दौरान मामला उजागर हुआ और सीएमओ कार्यालय में तैनात प्रशासनिक अधिकारी की ओर से केस दर्ज कराया गया था। मामले की विवेचना सीओ सिटी पंकज पंत कर रहे हैं।
संतराम ने थाने में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि मंगलवार को अपनी मां का बचत खाता खुलवाने के लिए डाकघर गए थे। उस दौरान पोस्टमास्टर समेत कई लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की। लाठी-डंडे लेकर हमला कर दिया। संतराम के अनुसार, फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र मामले में शिकायत करने की रंजिश में उन पर हमला किया गया है।