फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बंडा में पुलिस टीम पर हमला, एसओ और दरोगा समेत कई पुलिस कर्मी घायल, गाड़ी में तोड़फोड़

विज्ञापन
विज्ञापन
बंडा (शाहजहांपुर)। मारपीट की सूचना पर नवदिया बंकी गांव पहुंची पुलिस टीम पर एक युवक ने लोहे की राड से हमला कर दिया। इसमें बंडा एसओ, एक दरोगा समेत कई पुलिस कर्मी घायल हो गए। आरोपी युवक ने पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। बाद में पुलिस ने पुलिस कर्मियों ने किसी तरह युवक को काबू में किया। घायल दरोगा और एक सिपाही को सीएचसी ले जाया गया। जहां से दरोगा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
विज्ञापन

जनपद लखीमपुर के थाना हजारा के गांव कबीरनगर निवासी यादवेंद्र सिंह अपने दामाद बंडा थाना क्षेत्र के गांव नवदिया बंकी निवासी पलविंदर सिंह उर्फ काला के घर आए थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम पलविंदर सिंह ने शराब पीने के बाद पत्नी रमनदीप कौर को पीटना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद ससुर यादवेंद्र ने विरोध किया तो उन्हें भी पलविंदर ने पीटकर घायल कर दिया। यादवेंद्र ने मामले की सूचना डायल-112 नंबर पर दे दी। इसके बाद बंडा से यूपी-112 की पीआरवी 1387 मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर पलविंदर सिंह गाली गलौज करने लगा। पुलिस ने फटकार कार शांत करना चाहा तो पलविंदर ने लोहे की राड से हमला कर दिया। राड लगने से यूपी-112 का सिपाही अमित बेहोश होकर गिर पड़ा। फिर पलविंदर सिंह ने रोड से पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसमें उसके शीशे टूट गए। सिपाही को घायल हालत में छोड़कर बाकी पुलिस वाले दूर भाग गए। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने फोन से बंडा थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह को सूचना दी। थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस पर घात लगाए पलविंदर ने टीम के ऊपर राड से फिर हमला कर दिया। इसमें थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह और थाने में तैनात दरोगा रमेश कुमार घायल हो गए। कई अन्य पुलिस कर्मियों को भी चोटें आईं। इसके बाद कुछ पुलिस कर्मियों ने चारों ओर से घेराबंदी कर बमुश्किल पलविंदर को दबोचने के बाद काबू में किया। इसके बाद उसे बांधकर थाने ले गए। इंस्पेक्टर चंद्रपाल सिंह ने बताया कि हमले में एक सिपाही की रायफल टूट गई है।
पलविंदर ने 19 नवंबर को सिपाहियों को दौड़ाया था
बंडा। इलाके के नवदिया बंकी गांव निवासी आरोपी पलविंदर सिंह बेहद नशेड़ी और झगड़ालू किस्म का है। उसकी इसी आदत की वजह से आसपास के लोग खफा रहते हैं। वह कई बार लोगों के साथ मारपीट कर चुका है। इससे पहले भी उसने 19 नवंबर को पुलिस कर्मियों पर हमला किया था। तब सिपाही अपनी जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर भागे थे।
विज्ञापन

आरोपी पलविंदर के घर के पड़ोस में एक व्यक्ति के यहां 18 नवंबर को लड़की की शादी थी। पलविंदर भी शादी में गया था। वहां मामूली बात पर उसने टेंट हाउस के कर्मचारियों को पीट दिया था। टेंट हाउस के कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। इसके बाद मामले में एनसीआर दर्ज की गई थी। 19 नवंबर को दो सिपाही पलविंदर को पकड़ने पहुंचे तो उसने लोहे की राड लेकर सिपाहियों को दौड़ा लिया था। सिपाही बाइक छोड़कर भाग निकले थे। पलविंदर ने बाइक में भी तोड़फोड़ की थी। बाद में किसी तरह सिपाही पलविंदर के यहां से बाइक लेकर आए थे, लेकिन पुलिस ने घटना को छिपा लिया और कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। इधर, लोगों का कहना है कि पुलिस ने 19 नवंबर को ही कड़ी कार्रवाई की होती तो शुक्रवार को पुलिस टीम पर हमला नहीं होता।
चार माह पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से आया है घर
बंडा। पुलिस टीम पर हमला करने वाला पलविंदर सिंह बेहद ही नशेड़ी है। उससे परिवार के लोग भी परेशान हैं। पलविंदर के नशे की आदत से परेशान होकर परिवार वालों से उसे उत्तराखंड के सितारगंज कस्बे में नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। चार माह पहले ही वह नशा मुक्ति केंद्र से घर आया है।
पलविंदर सिंह नशेड़ी है। उसका इलाज चल रहा है। नशे से रोकने पर शुक्रवार शाम उसने पत्नी और ससुर को पीटा था। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी हमला कर दिया, जिसमें एक दरोगा और एक सिपाही घायल हुआ है। हमलावर को पकड़ लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
चंद्रपाल सिंह, थाना प्रभारी बंडा
पुलिस टीम पर कोई हमला नहीं हुआ है। नशेड़ी युवक परिवार वालों से मारपीट कर रहा था। उसे पकड़ने के दौरान एक सिपाही को चोट आ गई है। सिपाही मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन

अपर्णा गौतम, एएसपी ग्रामीण शाहजहांपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें