सुहागिनों का महापर्व करवाचौथ उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। त्योहार पर सुहागिनों ने रीति-रिवाज के अनुसार निराहार उपवास रखकर चंद्रदेव की पूजा अर्चना की। चंद्रदेव की पूजा कर उन्हें अर्ध्य देकर पति के दीर्घायु की कामना की। नवविवाहिताओं मेें त्योहार को लेकर खास उत्साह देखा गया।
हिंदू धर्म में करवाचौथ व्रत का बहुत महत्व है, इसलिए सुहागिनों ने इस व्रत को विधि-विधान से रखा। बड़ी संख्या में ऐसी भी महिलाएं थीं, जिन्हें पहली बार यह उपवास रखने का अवसर मिला। इसलिए उन्हें पूरे दिन भूखे-प्यासे रहकर कष्ट तो बहुत हुआ होगा, लेकिन उत्साह में उनके कोई कमी नहीं थी। दिन भर महिलाओं ने त्योहार के लिए पूजा-पाठ की तैयारियां कीं और तमाम प्रकार के व्यंजन तैयार किए। शाम को शादी के जोड़े में सजधज कर उन्होंने पूजा की तैयारियां शुरू कर दीं। चावल के पीठे और महावर वाले रंग से करवा (कलश) सजाया गया। उसमें परंपरानुसार च्यूड़ा, मिष्ठान, सीकें आदि रखकर आंगन और घर की ऊपरी मंजिल पर चावल के पीठे से ही चंद्र देव की आकृति बनाई।
सुहागिनों को चंद्रदेव के निकलने के अंतिम क्षण बहुत भारी पड़े। काफी प्रतीक्षा के बाद जैसे ही चंद्रदेव ने दर्शन दिए कि सुहागिनों ने उपवास रखे घर की अन्य विवाहित महिला सदस्यों के साथ उगते चंद्रदेव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्हें अघ्र्य दिया और पति के दीर्घायु की कामना की। पूजा के बाद सुहागिनों ने पति समेत अन्य बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और अपना उपवास खोला।
मीरानपुर कटरा। नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र में करवाचौथ का पर्व परंपरागत ढंग से मनाया गया। इस मौके पर सुहागिनों ने पूरे दिन अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा। शाम को चंद्रमा के समक्ष आराध्य देकर पूजा करने के उपरांत व्रत खोला। करवा चौथ के व्रत की वजह से बाजार में महिलाओं की भारी भीड़ जुटी।
सिंधौली। कस्बा तथा ग्रामीण अंचल में करवाचौथ मनाई गई। इस दौरान महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया। शाम को चंद्रमा के दर्शन के बाद महिलाओं ने व्रत तोड़ा।
आतिशबाजी कर खूब मनाईं खुशियां
देर रात चंद्रमा निकलने से पहले युवाओं और बच्चों ने आतिशबाजी चलाकर खूब खुशियां मनाईं। पटाखे चलाकर चंद्रमा निकलने की सूचना भी देने का संदेश दिया गया। हालांकि कुछेक शरारती बच्चों ने उपवास रखे महिलाओं को चिढ़ाने के लिए खूब पटाखे चलाए।
सजने-संवरने को बाजार में निकलीं सुहागिनें
करवाचौथ की तैयारियों और सजने-संवरने के लिए सुहागिनों ने बाजार में जमकर खरीददारी की और मेेंहदी लगवाकर श्रंगार में निखार लाने का प्रयास किया। शुक्रवार को मौसम साफ रहने के कारण बाजार में खासी रौनक रही। श्रंगार सामग्री की दुकानों पर खूब भीड़ रही। वहीं ब्यूटी पार्लर और चूड़ी वाली गली में जगह-जगह बैठे लोगों से विवाहिताओं ने खूब मेंहदी लगवाई। सर्राफा बाजार भी गुलजार रहा। त्योहार से संबंधित पूजा वाले कैलेंडर, च्यूड़ा, सीकें, करवा, मिष्ठान आदि के लिए लोग दुकानों और फुटपाथ पर उमड़ते रहे।
हीरो मोटोकार्प शोरूम पर मनाया मेंहदी महोत्सव
शाहजहांपुर। करवाचौथ पर हीरो मोटोकार्प के विक्रेता सुमित्रा संस पर मेंहदी महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं और युवतियों ने मेंहदी लगवाकर उपहार भी प्राप्त किए। यहां बता दें कि करवाचौथ के दिन सुमित्रा संस शोरूम पर हर साल मेंहदी महोत्सव मनाया जाता है। शोरूम स्वामी अपने सम्मानित ग्राहकों को आमंत्रित कर उनके साथ खुशियां बांटते हैं। खासतौर पर महिलाओं को आमंत्रित कर उनके हाथों में मेंहदी लगवाई जाती है और त्योहार की खुशी में उपहार दिए जाते हैं, ताकि रिश्तों की डोर और मजबूत हो सके।