एसपी कॉलेज में नाटक का मंचन करते कलाकार। स्रोत: आयोजक
शाहजहांपुर। हिमाचल प्रदेश के शिमला में छह से 10 जून तक आयोजित होने वाली 71वीं ऑल इंडिया नाटक एवं डांस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए टैलेंट मेकर की टीम इन दिनों नाटक ‘पार्क’ के पूर्वाभ्यास में जुटी हुई है। पिछले 45 दिनों से कलाकार भीषण गर्मी के बावजूद एसपी कॉलेज परिसर में किरदारों को जीवंत करने के प्रयास में जुटे हैं।
वरिष्ठ रंगकर्मी हंसराज विकल के निर्देशन में पार्क नाटक का पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नाटक ‘पार्क’ के लेखक प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता व नाटककार मानव कौल हैं। नाटक की कहानी तीन प्रमुख पात्रों उदय, नवाज और मदन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी-अपनी जिंदगी की परेशानियों से जूझते हुए शांति और सुकून की तलाश में पार्क में पहुंचते हैं। हालांकि, वहां पहुंचने के बाद उनके बीच बहस शुरू हो जाती है, जो धीरे-धीरे संवेदनशील और व्यक्तिगत रूप ले लेती है।
नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि हिंसा या हिंसात्मक रवैया किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता और न ही हिटलरशाही किसी विवाद का स्थायी हल है। यथार्थवादी शैली में प्रस्तुत यह नाटक वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक परिवेश पर भी प्रभावशाली टिप्पणी करता है। नाटक में उदय की भूमिका हंसराज विकल, हुसैन की भूमिका सुमित सक्सेना, इति की भूमिका भावना राज विकल ने निभाई है।