शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट 2020 का परीक्षाफल शनिवार को घोषित हो गया। जिले में इस बार हाईस्कूल में 83.35 प्रतिशत और इंटर में 75.74 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए। हाईस्कूल में पंडित रामनाथ मिश्र हायर सेकेंडरी स्कूल अल्हागंज के छात्र अरशद इकबाल ने 93.83 प्रतिशत अंक पाकर जिले में पहला स्थान हासिल किया। इस मेधावी की प्रदेश की मेरिट लिस्ट में 30वां स्थान है। इसी कॉलेज के छात्र अंकेश कुमार ने 90.83 प्रतिशत अंक लेकर जिले में तीसरा स्थान पाया। जबकि शहर के इस्लामिया इंटर कॉलेज के छात्र खुशनवाज 91.17 प्रतिशत अंक पाकर जिले में दूसरे स्थान पर रहे।
इंटरमीडिएट में आदर्श बाल विद्यालय इंटर कॉलेज मीरानपुर कटरा के छात्र सरताज अली ने 86.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में पहला स्थान पाया। इसी स्कूल के छात्र अमन गंगवार ने 84.60 और बंडा के शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज की सालिका खान ने 84.60 फीसदी अंक लेकर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। जबकि आचार्य राम मोहन रॉय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जलालाबाद के छात्र प्रियांशु शुक्ला ने 85.20 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में दूसरे स्थान पर रहे।