सुरजीत की पत्नी और भाभी समेत छह आरोपी पहले से हैं जेल में
जलालाबाद। पुलिस ने सुरजीत हत्याकांड के सातवें आरोपी आरिफ को शनिवार रात सरैयां मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल सुरजीत की पत्नी व भाभी समेत छह आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
बरेली के थाना बिथरी चैनपुर के गांव उमरिया सादिकपुर निवासी आरिफ हत्या की सुपारी लेने वाले तांत्रिक इरफान का भाई है। थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी के अनुसार, 22 जनवरी की शाम को इरफान ने सुरजीत को फोन कर बहाने से बारह पत्थर चौराहे पर बुलवा लिया था।
इरफान ने जलालाबाद आकर सुरजीत को नशे की गोली मिली शराब पिलाई। इसके बाद आरिफ की गाड़ी से उसे फरीदपुर क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे छोड़कर भाग गए थे। वहीं सुरजीत के पिता कमलेश्वर सिंह ने 24 जनवरी को थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में 26 जनवरी को बरेली स्थित मोर्चरी में शव रखे होने की जानकारी मिलने पर पहुंचे कमलेश्वर ने उसकी शिनाख्त की। पुलिस की पूछताछ में सुरजीत की हत्या भाड़े के हत्यारों से कराने की सुपारी सुरजीत की पत्नी विमला व बड़े भाई अजित की पत्नी संगीता द्वारा दिए जाने का खुलासा हुआ था।