पुलिस कर रही गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश
डेयरी के कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की थी रिपोर्ट
शाहजहांपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव के आवास से दो भैंस चोरी होने के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह के तीन सदस्यों की तलाश की जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी भैंसों को बरामद नहीं कर पाई है। इस मामले में सिंधौली थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
25 जनवरी की रात ममता यादव परिवार के साथ शादी समारोह में गईं थीं। रात में आए चार चोरों ने डेयरी में बंधीं दो भैंसों को खोल लिया और पिकअप में लादकर ले गए। पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया।
मामला एसपी के संज्ञान में आने के बाद तीन थानों की पुलिस को लगाया गया। पुलिस ने तेजी दिखाई और निगोही में भैंस चोरी गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके तीन अन्य साथियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। वहीं दूसरी तरफ सिंधौली थाने में जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव के कर्मचारी नेपाल ने भैंस चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि एक आरोपी को निगोही में गिरफ्तार कर लिया गया है।
भैंस चोरी में छह पर केस दर्ज, एक गिरफ्तार
निगोही थाना क्षेत्र के गांव ऊन खुर्द निवासी सोनपाल की दो भैंसों को 25 जनवरी की रात साढ़े 11 बजे चोर खोल ले गए। उन्होंने अगले दिन थाने पर तहरीर देकर कस्बे के मोहल्ला चांद नगर निवासी शहीद बंजारा, बाबू गंजा, हरदोई की कोतवाली के ग्राम बदरिया निवासी टूटा शहीद का साढू, बूचा, मिर्जापुर निवासी सोनू व धुल्लिया निवासी फईम उर्फ भोंदा को नामजद किया। पुलिस ने फईम उर्फ भोंदा को गिरफ्तार कर लिया। उसी ने नियामतपुर से भैंस चोरी की बात को स्वीकार किया था।
बरेली के स्लाटर हाउस में ले जाते हैं भैंस
सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि भैंस चोर से पूछताछ की गई है। भैंसों को चोरी करने के बाद बरेली के स्लाटर हाउस में बेचा जाता है।
निगोही पुलिस ने एक भैंस चोर को गिरफ्तार किया है। शेष की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।
- अमित चौरसिया, सीओ सदर