शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड में इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन सोमवार से शुरू हो जाएंगे। छात्र-छात्राओं को अंकों में सुधार का मौका मिलेगा। दस जून तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद-2025 की परीक्षा 24 फरवरी से 12 मार्च के बीच 126 केंद्रों में कराई गई थी। दसवीं में पंजीकृत 41103 में से 38208 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। 33215 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। 12वीं में परीक्षा में शामिल 36577 परीक्षार्थियों में से 29694 छात्र-छात्राएं सफल हुए थे। एक विषय में फेल होने वाले या अंकों में सुधार की इच्छा रखने वाले परीक्षार्थियों को कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा देने का अवसर मिलेगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर 19 मई से 10 जून की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि हाईस्कूल में इंप्रूवमेंट परीक्षा के तहत परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण हुए एक विषय में तथा कंपार्टमेंट परीक्षा के तहत परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण हुए दो में से केवल किसी एक विषय में ही परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। इसका परीक्षा शुल्क 256 रुपये निर्धारित है।
इंटरमीडिएट परीक्षा में मानविकी, वैज्ञानिक एवं वाणिज्य वर्ग से सम्मिलित परीक्षार्थी किसी एक विषय में, कृषि भाग-1 एवं 2 में निर्धारित विषयों में किसी एक प्रश्नपत्र में एवं व्यावसायिक वर्ग के ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी कंपार्टमेंट परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए योग्य माने जाएंगे। परीक्षा शुल्क 306 रुपये रहेगा।