पुवायां सीएचसी में दोनों पक्षों के बीच होता विवाद। संवाद
- फोटो : mathura
पुवायां। सीएचसी में डॉक्टर और वकील के बीच शनिवार दोपहर विवाद हो गया। डॉक्टर और सीएचसी स्टाफ ने ओपीडी बंद कर दी और थाने पहुंच गए। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। विवाद के कारण सीएचसी आए रोगियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गांव मुड़िया निवासी रंभा देवी ने विवाद की तहरीर पुलिस को दी थी। पुलिस ने उन्हें चौकीदार के साथ मेडिकल के लिए भेजा था। सीएचसी में रोगियों की भारी भीड़ थी। डॉ. रामकुमार वर्मा के अनुसार, मेडिकल के लिए बुलाने पर रंभा देवी की जगह वकील अनुज मिश्रा और दो अन्य लोग पहुंचे और मरीज को एक्सरे के लिए शाहजहांपुर भेजने के लिए कहने लगे।
उन्होंने जब मरीज सामने लाने की बात कही तो वे लोग अभद्रता करने लगे। उधर, अनुज मिश्रा का आरोप था कि डॉक्टर ने मरीज से बदसलूकी की थी। उन्हें सूचना मिली तो वह मौके पर गए थे। इस दौरान डॉक्टर और अनुज मिश्रा के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई। इसके बाद विवाद की जानकारी पुलिस को दे दी तो पुलिस और कुछ अधिवक्ता भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत किया।
इसके बाद डॉक्टरों सहित स्वास्थ्य कर्मियों ने काम बंद कर दिया और सभी कर्मचारी सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्रपाल के साथ थाने पहुंचे। सिविल बार एसोसिएशन के कुछ अधिवक्ता भी वहां आ गए। दोनों पक्षों में काफी देर तक वार्ता के बाद समझौता हो गया। लगभग एक घंटे तक ओपीडी ठप रहने से रोगियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि मैं समाधान दिवस में था। सूचना मिलते ही चीता मोबाइल के स्टाफ को मौके पर भेजा गया था। सीएचसी स्टाफ और वकील थाने आए थे। वार्ता के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और वापस चले गए। इस कारण कार्रवाई नहीं की गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्रपाल ने बताया कि समझौते की बात दोहराई।