शाहजहांपुर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों के बच्चों की बनने वाली अपार आईडी का कार्य तेजी नहीं पकड़ पा रहा। अभी तक मात्र 57 फीसदी छात्र-छात्राओं की आईडी बन पाई। बच्चों के आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र के फेर में आईडी नहीं बन पा रही है। ऐसे में आईडी बनाने का काम अधर में लटकता नजर आ रहा है।
समग्र शिक्षा अभियान के तहत 4367 विद्यालयों के 5,74,134 विद्यार्थी की अपार आईडी को बनाना है। शुरुआत में तेजी से अपार आईडी बनाने का काम शुरू किया। इसके बावजूद अभी तक मात्र 57 प्रतिशत ही कार्य पूर्ण हो सका। शिक्षकों की मानें तो बच्चों के पास आधार कार्ड नहीं होने के कारण कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा है। आधार बनवाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र को अनिवार्य कर दिया। छात्र-छात्राओं को जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दुश्वारियों से जूझना पड़ रहा। ऑनलाइन कराने से लेकर तहसील तक चक्कर लगाने से बच्चाें के आधार नहीं बन पा रहे हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो मान्यता प्राप्त विद्यालयों वाले सबसे कम बच्चों की अपार आईडी बनी है। परिषदीय विद्यालयाें में 82 प्रतिशत बच्चों की आईडी बन चुकी है।
-
ये आ रही दिक्कतें
-स्कूल रिकार्ड व आधार में नाम, जन्मतिथि अलग-अलग होना
-कुछ छात्रों के आधार कार्ड में लिंग ही गलत लिखा है।
-जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड नहीं बनना।
-आधार कार्ड का अपडेट नहीं होना।
-
अपार आईडी बनाने का काम तेजी से कराया जा रहा। स्कूल संचालकों को बुलाकर उनसे समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाई जाएगी, जो भी दिक्कतें आ रही हैं। उसका समाधान कराएंगे।
दिव्या गुप्ता, बीएसए