तिलहर। आरएफसी केंद्र के एएमओ मुनेंद्र नाथ पटेल के रिश्वत लेते पकड़े जाने के मामले में एंटी करप्शन टीम ने जांच तेज कर दी है। सोमवार को टीम नवीन मंडी स्थल पहुंची और क्रय केंद्र पर तैनात कर्मचारियों सहित शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए।
गत 22 अप्रैल को मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव चाहरपुर निवासी सौरभ सिंह चौहान की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने एएमओ मुनेंद्र नाथ पटेल को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। इस मामले में टीम ने मीरानपुर कटरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने आरोपी एएमओ को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा जा चुका है। इसी मामले में टीम ने जांच आगे बढ़ाते हुए आरएफसी क्रय केंद्र के प्रभारी समेत वहां कार्यरत कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। साथ ही शिकायतकर्ता सौरभ सिंह को भी मौके पर बुलाकर उनसे कई अहम बिंदुओं पर जानकारी ली। करीब आधे घंटे तक चली जांच-पड़ताल के बाद टीम लौट गई। संवाद
एंटी करप्शन टीम आने की सूचना पर हड़कंप
शाहजहांपुर। बीएसए कार्यालय में सोमवार को एंटी करप्शन टीम आने की अफवाह पर हड़कंप मच गया। हालांकि, दोपहर बाद तक कोई नहीं पहुंचा तो सभी ने राहत की सांस ली। संवाद