शाहजहांपुर। विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान होते ही प्रशासन हरकत में आ गया। शहर के साथ ही देहात क्षेत्रों में भी स्थानीय निकाय के कर्मचारियों ने संभावित प्रत्याशियों की पोस्टर, बैनर और होर्डिंग्स उतारने शुरू कर दिए। हालांकि बारिश होने के कारण कर्मचारियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बची हुई प्रचार सामग्री रविवार को उतारी जाएगी।
राजनीतिक दल व प्रत्याशियों द्वारा नए साल को लेकर बधाई संदेश के जरिये जनता के बीच प्रचार किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर लगी प्रचार सामग्री हटाने को नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जेसीबी से प्रचार सामग्री हटानी शुरू कर दी। कचहरी, गोविंदगंज, टाउनहॉल, अंटा चौराहा, खिरनीबाग चौराहा, चौक, कच्चा कटरा मोड़ आदि स्थानों से प्रचार सामग्री हटाई गई। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही।
मिर्जापुर में रिमझिम बारिश के बीच थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने पुलिस टीम के साथ पैदल भ्रमण किया। बिजली के खंबों और रोड के किनारे लगीं चुनाव प्रचार की होर्डिंग्स व पोस्टर जब्त कर लिए। पुलिस ने आदर्श आचार संहिता के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी। तिलहर। आचार संहिता लागू होते ही नगर पालिका ईओ सर्वेश कुशवाहा ने पालिका कर्मचारियों और जेसीबी मशीन के साथ नगर के मुख्य मार्गों और तहसील गेट मुंसिफ न्यायालय की दीवार पर लगे तमाम राजनीतिक दलों के होर्डिंग बैनर उतरवा दिए। तहसील गेट के समीप होर्डिंग उतारने की कार्रवाई के दौरान एसडीएम हिमांशु उपाध्याय और तहसीलदार तृप्ति गुप्ता भी पहुंच गए।
मीरानपुर कटरा में नगर पंचायत के कर्मचारियों ने नगर के विभिन्न मार्गों पर लगे होर्डिंग्स और पोस्टर उतारने शुरू कर दिए। शाम तक बड़ी संख्या में पोस्टर-होर्डिंग्स को उतारकर नगर पंचायत कार्यालय में रखवाया। जलालाबाद। एसडीएम बरखा सिंह व ईओ डीएस वर्मा के नेतृत्व में शनिवार शाम नगर पालिका कर्मचारियों की टीम ने नगर से लेकर याकूबपुर तिराहे तक लगे होर्डिंग व बैनर हटवा दिए। मुख्य चौराहे के पास इन होर्डिंग्स को हटवाने के दौरान लोगों को आचार संहिता लगने की जानकारी दी गई।
जैतीपुर। जैतीपुर व गढ़ियारंगीन पुलिस ने क्षेत्र में खंभों और दीवारों पर बैनर व पोस्टरों को हटवाया। सबसे ज्यादा प्रत्याशियों ने अपने बैनर पोस्टर चौराहों पर लगवा रखे थे। निगोही थाना के पुलिस बल व निगोही नगर पंचायत के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से निगोही कस्बे के शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग, निगोही-पुवायां मार्ग, कस्बे के मुख्य मार्ग, हमजापुर चौराहे, रेलवे क्रॉसिंग पर विद्युत पोलों पर लगे होडिंग, बैनर हटा दिए हैं। अल्हागंज नगर पंचायत प्रशासन ने बाजार, बस स्टेशन पर लगे झंडा, बैनर, कटआउट उतारे। बारिश से कर्मचारियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। ड्यूटी समय खत्म होने के बावजूद कर्मचारी लगे रहे।
खिरनी बाग चौराहे पर लगे राजनैतिक दल के होल्डिंग हाटते नगर निगम के कर्मचारी । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR