कटरा-जलालाबाद स्टेट हाईवे पर बुधवार की रात पुलिस ने स्कार्पियो गाड़ी में छह प्रतिबंधित पशुओं को बरामद किया। पशु तस्कर मौके से फरार हो गए। बरामद पशुओं में एक की गाड़ी में ही मौत हो गई थी।
रात में एसओ आरपी सिंह टीम के साथ हाईवे पर पेट्रोलिंग कर रहे थे। सलेमपुर चेक पोस्ट के पास उन्हें जलालाबाद की ओर से एक स्कार्पियो आती हुई दिखाई दी। गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी भगा ले जाने की कोशिश की। कुछ दूरी पर गाड़ी में सवार तस्कर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें छह प्रतिबंधित पशु बरामद हुए। तस्करों ने पशुओं को बुरी तरह से बांधकर गाड़ी में ठूस रखा था। एक पशु की गाड़ी में ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई गाड़ी का नंबर देहरादून (उत्तराखंड) का है। गाड़ी वीआईपी नंबर यूए- 07 एम 0007 है। पुलिस गाड़ी के मालिक का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। तस्कर संभवत: पशुओं की तस्करी करके रामपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने घायल पशुओं का डॉक्टर से इलाज कराया।
स्कार्पियो में प्रतिबंधित पशु का मांस पकड़ा
निगोही। वाहन चेकिंग के दौरान थाना पुलिस ने एक स्कार्पियो गाड़ी पकड़ी, जिससे प्रतिबंधित पशु का दस क्विंटल मांस बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, चालक सहित दो लोग भाग निकले।
थानाध्यक्ष केके यादव के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे पुवायां मार्ग पर गांव चेना के निकट बदमाशों की तलाश में वाहन चेकिंग की जा रही थी। तभी पुवायां की ओर से तेज गति से आ रही स्कार्पियो गाड़ी को रुकने का संकेत दिया गया, मगर उसके चालक ने रुकने के बजाए स्पीड और बढ़ा दी। पुलिस ने भाग रही गाड़ी का पीछा किया तो चालक और उसका साथी चलती गाड़ी से कूदकर भाग गए, जबकि गाड़ी सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी। पुलिस ने गाड़ी में लदा मांस कब्जे में ले लिया। निगोही पशु चिकित्सालय से पहुंचे डॉक्टरों ने सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजा है।