शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार के चिनौर निवासी हरिशंकर गुप्ता के 30 वर्षीय पुत्र राहुल गुप्ता ने कमरा बंद कर फंदे से लटककर जान दे दी। वह शराब पीने का आदी था और पिता के डांटने पर नाराज हो गया था।
दिल्ली में नौकरी करने वाला राहुल गुप्ता करीब दस दिन पहले ही घर लौटा था। मंगलवार की रात वह शराब पीकर घर आया तो पिता ने डांट दिया। इससे नाराज होकर वह कमरे में चला गया। अंदर बेड पर पड़ी चादर को कुंडे में फंसाकर फंदे से लटककर उसने जान दे दी।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे खाना खाने के लिए परिजन ने आवाज लगाई तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। परिजन ने अंदर झांका तो शव फंदे से लटका देखा।
सूचना पर इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजे को तोड़कर शव को उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। उसकी मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।