सेवा संकल्प अभियान के तहत किया गया कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
तिलहर। नौवें राष्ट्रीय पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को ब्लॉक सभागार में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक सलोना कुशवाहा और ब्लॉक प्रमुख कविता यादव ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और तीन सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में चयनित तीन लाभार्थियों को भी सम्मान मिला। नवनियुक्त 12 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्तिपत्र दिए गए। सीडीपीओ राजवीर वर्मा, मुख्य सेविका बरसाती देवी समेत विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
कांट। ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्रों के पोषण आहार से तैयार व्यंजनों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मातृ वंदना कार्यक्रम के तहत दो लाभार्थियों को प्रस्तुति पत्र दिए गए। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान प्रभारी सीडीपीओ पूनम, सुपरवाइजर जूली, नेहा द्विवेदी समेत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।