शाहजहांपुर। निर्माणाधीन नगर निगम के पास गड्ढे में मिली नवजात बच्ची को बाल कल्याण समिति ने उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है। चाइल्डलाइन की टीम लगातार बच्ची की निगरानी करेगी। साथ ही चौक कोतवाली में उप-निरीक्षक महिपाल सिंह ने बच्ची के माता-पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
19 मई की दोपहर बच्ची ककरा काकरकुंड स्थित निर्माणाधीन नगर निगम के कार्यालय के पास गड्ढे में कपड़े में लिपटी हुई मिली थी। सूचना पर पहुंची पीआरवी के पुलिसकर्मियों ने प्रभारी निरीक्षक को जानकारी दी। बच्ची को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। नवजात बच्ची के विषय में चाइल्डलाइन को सूचना दी गई।
प्रभारी विनय कुमार शर्मा ने मौके पर पहुंचकर बाल कल्याण समिति को अवगत कराया। पुलिस टीम ने जांच की तो पता चला कि 16 मई को थाना सदर बाजार क्षेत्र की गदियाना चुंगी निवासी असद की पत्नी सदफ ने बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची का ऊपरी ओंठ कटा था। बच्ची को इलाज व सर्जरी के लिए हायर सेंटर लखनऊ के लिए रेफर किया गया था।
माता-पिता हायर सेंटर न ले जाकर बच्ची को कपड़े में लपेटकर गड्ढे में डाल आए थे। वहीं, इस संबंध में जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा ने बताया कि बाल कल्याण समिति के द्वारा बच्ची को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है। बच्ची के माता-पिता से हलफनामा लिखवा लिया गया है कि अगर बच्ची को कुछ होता है तो उनकी स्वयं की जिम्मेदारी होगी। चाइल्डलाइन टीम लगातार बच्ची की निगरानी करेगी।