शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के नवादा इंदेपुर के एक स्कूल में घुसे व्यक्ति ने आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। बाद में अफसरों ने इसकी मरम्मत कराकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस का दावा है कि मारपीट के दौरान प्रतिमा क्षतिग्रस्त हुई।
मोहल्ला बिजलीपुरा निवासी चित्तर लाल नवादा इंदेपुर के सागर पब्लिक जूनियर हाईस्कूल विद्यालय के प्रबंधक हैं। उनके मुताबिक मंगलवार दोपहर गांव का ही मनोज का पुत्र चप्पल पहनकर विद्यालय परिसर स्थित पूजाघर में घुसने लगा। उन्होंने मना किया तो मनोज ने धक्का दे दिया। आरोप है कि पूजाघर में घुसकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा भी खंडित कर दी। सूचना पर एसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह, अजीजगंज चौकी प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए। उन्होंने मामले को शांत कराया।
पुलिस ने तत्काल ही आरोपी मनोज को हिरासत में ले लिया। वहीं खंडित प्रतिमा की भी मरम्मत करा दी गई। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट के दौरान प्रतिमा खंडित हो गई थी। आरोपी को हिरासत में ले लिया है। घटना की तहरीर प्राप्त हो गई है। एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की जा रही है। संवाद